यूरोप की सबसे बड़ी टेक कंपनी SAP में छंटनी, 10000 लोग होंगे बाहर

दुनियाभर में AI का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है. कंपनियां अपने कामकाज में AI को शामिल कर रही हैं, लेकिन इसका असर अब नौकरियों पर भी दिखाई देने लगा है. जर्मनी की एक बड़ी सॉफ्टवेयर कंपनी SAP में करीब 10,000 नौकरियों पर खतरा मंडरा रहा है. कंपनी अपने बिजनेस को AI के हिसाब से ढालने के लिए काफी बड़े बदलाव करने वाली है.
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, SAP कम से कम 10,000 पदों को खत्म करने वाली है. अगर ऐसा होता है तो कंपनी के दुनियाभर के कर्मचारियों में से करीब 9 फीसदी लोगों पर इसका असर पड़ सकता है. आइये जानते हैं कि छंटनी का ऐलान कब होने वाला है और किसपर सबसे ज्यादा असर पड़ने वाला है.
किसपर पड़ेगा सबसे ज्यादा असर?
रिपोर्ट के मुताबिक, SAP के सभी विभागों से उन जगहों की पहचान करने को कहा गया है, जहां कर्मचारियों की संख्या कम की जा सकती है. हालांकि कंपनी की प्रोडक्ट, इंजीनियरिंग और सेल्स पर खास नजर है. फिलहाल कंपनी ने ये नहीं बताया है कि किन देशों, टीम या पद पर सबसे ज्यादा असर पड़ेगा.
क्यों होगी छंटनी?
SAP के CEO क्रिश्चियन क्लेन कंपनी को AI फर्स्ट बिजनेस बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं. मतलब कंपनी अपने सॉफ्टवेयर और सेवाओं में AI का इस्तेमाल बढ़ाना चाहती है. इसके लिए वो अपने प्रोडक्ट बनाने और उन्हें बेचने के तरीके में भी बदलाव कर रही है.
कंपनी चाहती है कि उसके सॉफ्टवेयर में AI टूल्स को ज्यादा गहराई से शामिल किया जाए. इससे ग्राहकों को बेहतर सेवा देने में मदद मिलेगी. इस साल SAP ने अपने एग्जीक्यूटिव बोर्ड का दो बार पुनर्गठन किया है. रिपोर्ट के मुताबिक, बोर्ड के छह सदस्यों में से दो मार्च 2027 में कंपनी छोड़ने वाले हैं.
क्या SAP ने पहले भी की है छंटनी?
SAP के लिए ये पहली छंटनी नहीं है. साल 2024 में भी कंपनी ने करीब 10,000 लोगों को नौकरी से निकाला था. तब इस ले ऑफ के लिए कंपनी को 3 अरब यूरो यानी करीब 3.3 अरब डॉलर का खर्च आया था और इसे पूरा होने में एक साल से ज्यादा समय लगा था.
तब कंपनी ने ज्यादातर कर्मचारियों को खुद से नौकरी छोड़ने और री-स्किलिंग के ऑप्शन दिए थे. नई भर्तियां भी की थीं. इसिलिए लोगों की नौकरी जाने के बाद भी कर्मचारियों की संख्या में ज्यादा बदलाव नहीं आया. हालांकि, इस बार भी कंपनी ऐसा ही तरीका अपनाएगी या नहीं, ये किसी को नहीं पता है.
जर्मनी वाले कर्मचारियों को मिलेगी राहत?
SAP में सबसे ज्यादा कर्मचारी जर्मनी में है. यहां कंपनी के कर्मचारियों के लिए लेबर काउंसिल ने 2028 तक रोजगार सुरक्षा का समझौता किया है. अब देखने वाली बात ये है कि इस छंटनी का जर्मनी वालों पर कैसा असर पड़ता है.
कब होगा छंटनी का ऐलान?
फिलहाल SAP ने 10,000 पद खत्म करने का अभी ऑफिशियल ऐलान नहीं किया है. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी कोई भी नया ऐलान जनवरी के आखिर में अपने सालाना नतीजों के साथ करती है. ऐसे में अगला अपडेट जनवरी 2027 में आ सकता है.




